उत्तराखंडप्रशासनराजनीतिशिक्षा

‘Chandrayaan-3’ की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के साथ भारत ने रचा इतिहास, देशवासियों ने आतिशबाजी कर जताई खुशी

नई दिल्ली/देहरादून/पुरोला,, इसरो (ISRO) के वैज्ञानिकों ने आज इतिहास रच दिया। भारत के बहुप्रतीक्षित चंद्र मिशन ‘Chandrayaan-3‘ की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ हो गई है। ब्रह्मांड के इस हिस्से में भारत का परचम लहराने से वैज्ञानिकों ही नहीं, देशभर की आम जनता के बीच भी भारी उत्साह देखा जा रहा है और ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ से वाकिफ हर भारतीय खुशी से झूम उठा। चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग से जहां भारत का स्पेस पावर के रूप में उभरा है तो वहीं ISRO का दुनिया की अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों के मुकाबले कद कहीं ऊंचा हो गया है। देशवासी ISRO के वैज्ञानिकों को बधाई दे रहे हैं और उनके काम की जमकर सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों का तांता लगा है। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आज हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है उन्होंने कहा कि यह कोई आसान काम नहीं था। चंद्रयान 2 से हमे बहुत कुछ सीखने को मिला था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग हो गई है। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत पहला देश है। अब बच्चे कहेंगे कि चंदा मामा, बस एक टूर के हैं।

देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में शासन के उच्चाधिकारियों, विद्याल शिक्षा विभाग के अधिकारियों व स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ऐतिहासिक सफल लैंडिंग का सजीव प्रसारण को देखा। सभी ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी का सम्बोधन सुना व देखा। मुख्यमंत्री ने भारत की इस ऐतिहासिक सफलता के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, इसरो की टीम, वैज्ञानिकों व देश-प्रदेश की जनता को बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

कार्यक्रम में उपस्थित राजीव गांधी आवासीय नवोदय विद्यालय, ननूरखेड़ा, रायपुर तथा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय, बनियावाला के छात्रों को सम्बोधित करते हुए सीएम  ने कहा कि चंद्रयान-3 की चन्द्रमा पर सफल लैंडिंग के साथ आज भारत विश्व का पहला देश बन गया है जिसके हम सभी साथी बने है। आज भारत दुनिया के हर क्षेत्र में नंबर एक बनने की दिशा में अग्रसर है। एक समय हमारे देश को सपेरो का देश कहा जाता था आज विज्ञान के क्षेत्र में देश नंबर 01 बना है। देश आज 11वीं से 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। 2027-28 तक देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में तीसरी अर्थव्यवस्था बनने के साथ 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुनिया का नेतृत्व करने वाला शक्तिशाली व समर्थ देश बनेगा। इसकी जिम्मेदारी हमारे युवा छात्रों की है। हमारे आज के युवा छात्र देश का भविष्य है। हमारे युवा छात्र भविष्य में जिस क्षेत्र में जाए उसका नेतृत्व करे तथा देश के सपने एवं अपेक्षाओं को पूरा करने में अपना योगदान देने का प्रयास करें।

सीएम ने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब चंद्रयान-2 सफल नही हो पाया तो प्रधानमंत्री ने हमारे वैज्ञानिकों को गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया तथा दुगनी ताकत से इस अभियान को पूर्ण करने की शुभकामनायें दी। आज प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन तथा हमारे वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों से देश ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों से बातचीत कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने भी इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी। सचिव शिक्षा रविनाथ रमन ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, शैलेश बगोली, महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी सहित अन्य उच्चाधिकारी थे।

पुरोला

चंद्रमा पर चंद्रयान–3 के सफल लैंडिंग की खुशी का इजहार करते भाजपाइयों ने कुमोला तिराहे पर आतिशबाजी की। इस दौरान उन्होंने भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे लगाए। उसके बाद एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। इस दौरान जिला महामंत्री पवन नौटियाल, वरिष्ठ नेता अमीचंद शाह, मंडल अध्यक्ष जगमोहन पंवार, मंडल अध्यक्ष सांकरी दर्शन रावत, महामंत्री राहुल देव नौटियाल, मीडिया प्रभारी पवन तोमर, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा कपिल नेगी, जिला मंत्री अनिल शर्मा, अखिल नीतीश पंवार, धीरेंद्र राजा, शुभम बिजल्वाण, रामवीर रावत, विकास राणा, सहदेव चौहान सहित अन्य भाजपाई रहें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button