पुरोला uttarkashi,, यमुनाघाटी के पंपिंग लिफ्टों में चोरी करने वालों को पुरोला पुलिस ने सहसपुर से गिरफ्तार किया है। विधिक कार्यवाही प्रचलन में है।
उत्तरकाशी पुलिस ने यमुनाघाटी के सिंचाई लिफ्ट पंपिंग योजनाओं से केबल एवं मोनोब्लॉक चोरी की घटना का खुलासा किया है। आपको बताते चलें कि बीते माह 31 अक्टूबर को पुरोला, रामा सिंचाई लिफ्ट योजना एवं ध्योरा लिफ्ट योजना से अज्ञात चोरों द्वारा कॉपर केबल एवं मोनोब्लॉक चोरी किए जाने के संबंध में संबंधित योजनाओं के सहायक अभियंता द्वारा थाना पुरोला में लिखित तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना पुरोला में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत चोरी का अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय द्वारा घटना की गंभीरता को देखते चोरी का शीघ्र अनावरण करने एवं संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उसके बाद सीओ बड़कोट चंचल शर्मा के निकट पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस की टीम द्वारा मामले की गहन छानबीन, साक्ष्य संकलन एवं प्रभावी सुरागरसी-पतारसी करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं। पुलिस टीम के निरंतर प्रयासों से चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए प्रकाश में आए दो अभियुक्तों अंकित कुमार (मुख्य अभियुक्त) एवं सलमान को बीते बुधवार को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी किए गए केबल एवं धातु से संबंधित कुल 96.41 किलोग्राम माल बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त चोरी की घटना में ताले तोड़ने एवं तार काटने के लिए प्रयुक्त कटर भी बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK 07 DU 7850 (अर्बन क्रूजर) को भी पुलिस द्वारा कब्जे में लिया गया है।
गिरफ्तार अंकित कुमार के विरुद्ध पूर्व में टिहरी एवं रानीपोखरी में भी चोरी के अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी प्रकाश में आई है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के आपराधिक इतिहास के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रकरण में प्राप्त साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों के आधार पर विवेचना के दौरान अभियोग में धारा 305(A), 331(4) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी करते हुए पूर्व में पंजीकृत धारा 303(2) का लोप किया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- अंकित (26) पुत्र भजन लाल, निवासी पुरोला, उत्तरकाशी, उम्र 26 वर्ष (मुख्य अभियुक्त)।
- सलमान (27) पुत्र नासिर, निवासी खुशहालपुर, सहसपुर, जनपद देहरादून।
पुलिस टीम
- SI भूपेन्द्र सिंह, प्रभारी चौकी नौगांव
- HC बबलू खान
- सिपाही नीरज
- सिपाही अरुण कुमार




