uttarkashi,, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का श्री गणेश हो गया है। यमुनोत्री धाम के कपाट 12:41 और गंगोत्री धाम के कपाट 12:35 पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इस दौरान हेलीकॉप्टर से तीर्थयात्रियों पर फूलों की वर्षा भी की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसके साक्षी बने हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में पूजा–अर्चना कर देश/प्रदेशवासियों के लिए सुख/समृद्धि की कामना की। इस मौके उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। यात्रा के लिए देश/विदेश से जो भी श्रद्धालु आएंगे उनके दर्शन कराए जाएंगे। चार धाम यात्रा के दृष्टिगत सभी तैयारियां की गई है। सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। राज्य में श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा की सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। 25 अप्रैल को श्री केदारनाथ एवं 27 अप्रैल को श्री बद्रीनाथ के कपाट खुलेंगे। गंगोत्री में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई। सीएम धामी ने मंदिर परिसर में नवनिर्मित पंच/पंडा समिति के मीटिंग हॉल या कार्यालय का उद्घाटन भी किया।
यमुनोत्री धाम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट उद्घाटन के मौके पर मां यमुना के मायके खरसाली (खुशीमठ) में पहुंचकर पूजा–अर्चना कर देश/प्रदेश वासियों के लिए सुख/समृद्धि की कामना की। उन्होंने डोली की विदाई की। जिसके बाद मां यमुना की डोली शनिदेव की अगवाई कालिंदी पर्वत (यमुनोत्री धाम) के लिए प्रस्थान हो गई। दोपहर 12:41 पर पंडा/पुरोहितों के वैदिक मंत्रोचारण के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। आज से 6 महीने तक मां यमुना यहां भक्तों को अपने दर्शन देगी। इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत, ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, महामंत्री पवन नौटियाल, सीडीओ गौरव कुमार, एसडीएम जितेंद्र कुमार, देवानंद शर्मा, सीओ बड़कोट सुरेंद्र भंडारी सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गंगोत्री धाम
गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि शुक्रवार को 12:15 मिनट पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। रात्री विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करने के उपरांत अगले दिन सुबह 8 बजे मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम पहुंची। जहां विधि विधान मंत्रोच्चारण के साथ गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ एवं विशेष पूजा अर्चना के बाद सर्वाथ अमृत सिद्ध योग पर 12:35 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। पहली पूजा सीएम धामी ने लकी। इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, डीएम अभिषेक रुहेला, एसपी अपर्ण यदुवंशी,अध्यक्ष कॉपरेटिव बैंक विक्रम सिंह, गंगोत्री मंदिर समिति के के सचिव सुरेश सेमवाल, एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम चतर सिंह चौहान, मंदिर समिति के पदाधिकारी, श्रद्धालु एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।