गंगा/यमुनाघाटी Uttarkashi,, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व PM लाल बहादुर शास्त्री को जयंती पर उनके द्वारा भारत देश के लिए दिए अतुलनीय योगदान को याद कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलेभर में मुख्यालय सहित जनपद के गंगा घाटी/यमुनाघाटी के सरकारी विभागों स्थानों पर स्कूली छात्र–छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों के द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई। और राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
जिला मुख्यालय पर कलेक्टर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण करते हुए माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं सहित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने रामधुन सहित गांधी के अन्य प्रिय भजनों को गाया। इस कार्यक्रम में एडीएम रजा अब्बास, सामाजिक कार्यकता नागेन्द्र थपलियाल सहित जिला कार्यालय परिसर स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारी रहे।
जनपद के गंगा/यमुना घाटी में गांधी जयंती पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन कर गांधी के जीवन-संघर्ष, उनकी देश सेवा, जीवन-मूल्यों के साथ ही निर्बलों के कल्याण के संबंधी ‘अन्त्योदय‘ की अवधारणा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संबंध में महात्मा गांधी के विचारों पर प्रकाश डाला गया और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शास्त्री जी के द्वारा राष्ट्र निर्माण के लिए किए गए कार्यों का भी स्मरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में गांधी की जीवन-दृष्टि का प्रचार तथा उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं पर वाद-विवाद प्रतियोगताओं, गोष्ठियों आदि आयोजनों के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर गांधी के विचारों से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेकर देश के निर्माण व मानवता के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व लाल बहादुर शास्त्री को जनपदवासियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेता एवं देश के प्रधानमंत्री के रूप में दिए योगदान को याद किया।