पुरोला uttarkashi,, BLJ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा कुरुड़ा गांव में आयोजित NSS शिविर का रविवार को रंगारंगा कार्यक्रमों के साथ समापन। शिविर में 50 स्वयंसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौहर फातिमा एवं भूपाल सिंह कार्की के निर्देशन में हुआ, सहयोगी कर्मचारी सरोज एवं अष्टम का भी योगदान रहा।
राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत कुरड़ा गांव में 23 से 29 मार्च तक बर्फिया लाल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं जनोपयोगी गतिविधियां संचालित की गईं। इस दौरान ग्राम पंचायत कुरुड़ा के प्राथमिक विद्यालय में पुताई कार्य संपादित किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु नालियों का निर्माण, मार्गों का सुधार, प्लास्टिक अपशिष्ट का संकलन एवं निस्तारण, स्वच्छता अभियान तथा जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीण समुदाय की समस्याओं के आकलन हेतु स्वयंसेवियों द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया गया। साथ ही, सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक, प्रेरक नारों एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने हेतु ग्राम पंचायत कुरुड़ा एवं प्राथमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा महाविद्यालय परिसर में भी स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। शिविर के अंतर्गत आयोजित बौद्धिक सत्रों में डॉ. गणेश प्रसाद रतूड़ी, विनोद कुमार एवं दीपक सिंह द्वारा स्वयंसेवियों का मार्गदर्शन किया गया। समापन अवसर पर स्वयंसेवियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर जन जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।
ये रहे उपस्थित
मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ एके तिवारी ग्राम प्रधान दीक्षा रावत, जयेंद्र सिंह रावत, PTA अध्यक्ष गिरवीर सिंह रावत, छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद रावत, अजय कुमार, प्रीतम कैंतुरा, अमृता रावत सहित अन्य गणमान्य रहे।




