Uttarkashiपुलिसप्रशासनयूथराजनीतिशिक्षासंस्कृतिसामाजिक

तिरंगे के रंग में रंगी यमुनाघाटी, डीएम की मौजूदगी में निकली तिरंगा रैली

  • जिले भर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हाथों में झंडे लेकर निकली रैलियों, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग, देशभक्ति के नारों से गूंजे नगर

पुरोला/नौगांव uttarkashi,, राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति के पर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 2026 (9 से 17 अगस्त) के अंतर्गत गुरुवार को समूचा जिला तिरंगामय हो उठा। जिला मुख्यालय से लेकर सीमांत यमुना घाटी के अंचलों तक जन-जन में अभूतपूर्व राष्ट्रप्रेम का उल्लास देखने को मिला। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पुरोला तहसील समेत जिले के विभिन्न विकासखंडों और कस्बों में प्रभात फेरियों व तिरंगा रैलियों की धूम रही, जिसने पूरे परिवेश को राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

पुरोला में आयोजित रैली नगर पालिका परिसर से प्रारंभ होकर कुमोला रोड होते हुए तहसील मुख्यालय तक निकली इस विशाल यात्रा में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शिवालिक इंटर कॉलेज तथा पीएम श्री इंटर कॉलेज पुरोला एनसीसी कैडेट्स सहित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर जयघोष किए। उधर नौगांव में स्कूली बच्चों और भाजपाइयों में सरस्वती शिशु मंदिर में एकत्र होकर वहां से पुरोला रोड से होते, यमुनाघाटी का मुख्य नौगांव तिराह होते बड़कोट रोड पर निकट SBI बैंक के पास सम्पन्न हुई।स्कूली बच्चों के इस अनुशासित एवं ऊर्जावान दलों ने नगरवासियों में एक नई राष्ट्रीय चेतना का संचार किया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं रैली की अगुवाई कर भावी पीढ़ी का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का समाहार नहीं, बल्कि हमारे अमर शहीदों के त्याग, समर्पण और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण, निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, मंडल अध्यक्ष राम चन्द्र पंवार, ओमप्रकाश नौडियाल, बलदेव रावत, राकेश रतूड़ी, तहसीलदार कमल राठौर, ईओ नगरपालिका प्रदीप दयाल सहित अन्य नगर पालिका सभासद रहे। नौगांव मंडल अध्यक्ष अमिता परमार, विजय सिंह रावत, जगदीश असवाल, संदीप असवाल, अनित राणा, राकेश सुनार, अभिषेक उनियाल, अनिल सेमवाल, मीना रावत, रीना चुनार सहित अन्य रहे।

जिला मुख्यालय में निकली भव्य तिरंगा रैली, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नगर

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय होते हुए विश्वनाथ चौक तक निकाली गई। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, पीआरडी जवानों, खेल विभाग के परीक्षार्थियों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आर्मी, एनसीसी कैडेट्स सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। रैली के दौरान युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। तिरंगा रैली के माध्यम से आमजन को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ने का संदेश दिया गया। जनपद में तिरंगा रैली का आयोजन वृहद स्तर पर किया गया जिसमें विभिन्न स्कूलों सहित अन्य प्रतिष्ठानों में भी तिरंगा रैली का आयोजन हुआ।

सुरेश चौहान विधायक, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सीईओ अमित कोटियाल, युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button