- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि” बड़कोट सेवा केंद्र की टीम 1 महीने तक गांव–गांव में जाकर चलाएगी अभियान
बड़कोट (उत्तरकाशी)। “प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय” बड़कोट सेवा केंद्र द्वारा नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जिसका शुभारंभ आज SDM बृजेश तिवारी ने LED प्रचार वैन को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही शुभकामनाएं देते अभियान में पूर्ण सहयोग देने की बात कही। यमुनाघाटी में 4 जुलाई से 5 अगस्त तक व्यापक स्तर पर चलने वाले अभियान के तहत LED प्रचार वैन से यमुनाघाटी के गांव–गांव में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव से अवगत करा नशे से दूर रहने की मुहिम चलाएगी। इस दौरान थानाध्यक्ष बड़कोट दीपक कठैत एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष धनवीर सिंह रावत भी रहे।
“प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि” बड़कोट सेवा केंद्र ब्रह्माकुमारी सुभद्रा बहन एवं ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 12 से 50 की उम्र के बच्चों एवं वयस्कों को नशे से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़ते नशे के प्रचलन को रोकना और नशे से पीड़ित व्यक्तियों और उनके परिजनों को सहायता करना है। कहा इस अभियान में समाज कल्याण विभाग भारत सरकार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भारत सरकार और शिक्षा विभाग उत्तराखंड सरकार द्वारा ब्रह्माकुमारी संस्था को विशेष रूप से नामित किया गया है। जिसके लिए संस्था ने एलईडी वैन का निर्माण किया है। ताकि विभिन्न ऑडियो-वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा सके। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार भानु भाई एवं ब्रह्माकुमार नितीश डबराल द्वारा किया जाएगा।